कांवड़ियों की सुरक्षा में सड़कों से कंट्रोल रूम तक SSP श्वेता चौबे की पैनी नजर

कांवड़ियों की सुरक्षा में सड़कों से कंट्रोल रूम तक एसएसपी श्वेता चौबे की पैनी नजर
कंट्रोल रूम पहुंचकर CCTV-ड्रोन मॉनिटरिंग का लिया जायजा, दिए सख्त दिशा-निर्देश
श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे लगातार स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। एसएसपी ने आज पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर कांवड़ मेला क्षेत्र में की जा रही CCTV एवं ड्रोन मॉनिटरिंग का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने कंट्रोल रूम में लगे CCTV कैमरों के माध्यम से कांवड़ मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों, पार्किंग स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था को देखा। साथ ही ड्रोन के माध्यम से की जा रही निगरानी के संबंध में भी जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क नजर रखी जाए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा टिहरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जाम वाले स्थानों पर पुलिस बल की त्वरित तैनाती सुनिश्चित की जाए।
एसएसपी ने कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि—
🔹 CCTV एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार प्रभावी निगरानी रखी जाए।
🔹 भीड़भाड़ एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
🔹 यातायात बाधित होने की सूचना पर त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए।
🔹 किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जाए।
🔹 कांवड़ियों एवं आमजन की सुविधा के लिए यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था में आपसी समन्वय बनाए रखा जाए।
🔹 किसी भी आपात स्थिति में क्विक रिस्पॉन्स टीम को तत्काल सक्रिय किया जाए।

एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया कि टिहरी पुलिस सड़कों पर तैनात पुलिस बल से लेकर कंट्रोल रूम में लगे आधुनिक तकनीकी संसाधनों तक, हर स्तर पर कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुस्तैद है।
टिहरी पुलिस का संकल्प—सुरक्षित कांवड़ यात्रा, सुगम यातायात और श्रद्धालुओं की सेवा।




