उत्तराखंडदेहरादून

चुनाव में युवाओं पर दांव खेलेगी आम आदमी पार्टी,शिक्षा,स्वास्थ्य और पलायन के मुद्दे को लेकर 70 सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार

युवाओं को पार्टी से जोड़ने की तैयारी, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर; जल्द घोषित होंगे प्रत्याशी

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी सियासी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार पार्टी प्रदेश की सियासत में जेन-जी यानी युवा पीढ़ी को बड़ी भूमिका देने की रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। आम आदमी पार्टी सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी का फोकस युवाओं को संगठन से जोड़ने और उन्हें चुनावी मैदान में आगे लाने पर रहेगा। प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के बाद चुनावी रणनीति का खुलासा किया।

आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर नई रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी इस बार जेन-जी यानी नई युवा पीढ़ी को अपनी सियासत का अहम चेहरा बनाने की तैयारी में है। पार्टी का मानना है कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन और बेहतर भविष्य जैसे मुद्दों पर युवाओं की भागीदारी के जरिए प्रदेश की राजनीति में नया विकल्प पेश किया जा सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने साफ किया है कि आम आदमी पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। प्रत्याशियों की घोषणा भी जल्द की जाएगी। उम्मीदवारों के चयन में उनकी सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा के रिकॉर्ड को प्राथमिकता दी जाएगी।

पार्टी की रणनीति बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने की है। चुनाव प्रचार के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सांसद संजय सिंह, जरनैल सिंह और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उत्तराखंड पहुंचेंगे।

अब देखना होगा कि जेन-जी को सियासत में आगे लाने की आम आदमी पार्टी की यह रणनीति 2027 के विधानसभा चुनाव में कितना असर दिखा पाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button