उत्तराखंडदेहरादून

कर्णप्रयाग विवाद पर सिख प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से मुलाकात,पुलिस के व्यवहार और अफवाहों पर सख्त कार्रवाई की मांग

कर्णप्रयाग में हाल ही में हुए विवाद को लेकर सिख समाज का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिला। दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मामले पर विस्तार से चर्चा करते हुए सोशल मीडिया पर चल रहे भ्रामक प्रचार और अफवाहों पर रोक लगाने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को निष्पक्ष कार्रवाई और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर कर्णप्रयाग में हाल ही में हुए विवाद के संबंध में सिख समाज का पक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक जानकारियां फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे समुदाय की भावनाएं प्रभावित हो रही हैं।
सिख समाज के प्रतिनिधियों ने सरकार से तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत जानकारी सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रदेश में शांति, कानून व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और कानून के अनुसार निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।
दरअसल, कर्णप्रयाग में पिछले तीन दिनों से एक विवाद को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन, बयानबाजी और सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। वहीं स्थानीय प्रशासन और पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं।

हरमीत सिंह कालका ने कहा कि सिख समाज हमेशा भाईचारे, आपसी सौहार्द और कानून के दायरे में रहकर समस्याओं के समाधान में विश्वास रखता है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सीएम धामी से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button