
देहरादून। मोहब्बेवाला चौक पर एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सहारनपुर से देहरादून आ रही आई-20 कार और एक कंटेनर ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कंटेनर कार के ऊपर पलट गया, जिससे कार उसके नीचे बुरी तरह फंस गई। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार में मौजूद छह वर्षीय बच्चे को पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने सकुशल बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पटेलनगर पुलिस और फायर स्टेशन की टीम आपदा राहत उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। कंटेनर के नीचे फंसी कार में सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, कार में सवार लोगों में तीन एक ही परिवार के सदस्य थे, जो सहारनपुर से देहरादून आ रहे थे। हादसे में मिश्रेस कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), मां किरण कपूर (63) और कार चालक नीरज गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, कार में सवार छह वर्षीय बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
मोहब्बेवाला चौक पर हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


