उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून-ऋषिकेश हाइवे पर भीषण सड़क हादसा 4 की मौत 3 गंभीर घायल

देहरादून-ऋषिकेश हाईवे (एनएच-07) पर मणिमाई मंदिर के पास बुधवार को एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल देहरादून के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारुति ईको कार में सवार होकर सात लोग देहरादून से रोहतक की ओर जा रहे थे। जैसे ही कार मणिमाई मंदिर के समीप पहुंची, इसी दौरान वह सड़क किनारे खड़े एक महिंद्रा मैक्स वाहन से जा टकराई। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।


दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। राहत-बचाव दल की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई। हादसे में घायल तीन लोगों का देहरादून के निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं।
एसपी देहात जया बलोनी के अनुसार, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सड़क किनारे खड़े वाहन से ईको कार की टक्कर को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। वही मृतक और घायलों के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button