
देहरादून। फुलसनी स्थित टीएचडीसी कॉलोनी के कम्युनिटी सेंटर की जमीन के आवंटन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से सार्वजनिक इस्तेमाल में रही जमीन को अधिकारियों से मिलीभगत कर आवंटित कराया गया।

दो दिन पहले विकासनगर तहसील से पहुंचे अधिकारियों ने कम्युनिटी सेंटर के गेट पर ताला लगा दिया। रविवार को बच्चे मैदान में खेलने पहुंचे तो गेट बंद मिला। इसके बाद कुछ बच्चे गेट के नीचे से तो कुछ ऊपर चढ़कर मैदान में दाखिल हुए।

ग्रामीणों के मुताबिक, RTI से मिले नक्शे में जमीन को कम्युनिटी सेंटर के तौर पर दर्शाया गया है। पिछले 15-20 वर्षों से यहां विवाह, धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ध्वजारोहण होता रहा है। यही मैदान बच्चों के खेलने और खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए भी इस्तेमाल होता है।

ग्राम प्रधान कंचन समेत ग्रामीणों ने आवंटन का विरोध करते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वही उन्होंने कहा कि यह ग्रामसभा का एकमात्र सार्वजनिक स्थल है। टिहरी विस्थापित परिवार का आरोप है कि आवंटन से पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विस्थापित परिवारों को भी जानकारी नहीं दी गई।

जबकि ये भूमि विस्थापित परिवारों के इस्तेमाल में कम्युनिटी सेंटर के लिए छोड़ी गई थी लेकिन THDC के द्वारा तय समय में परिवार के लिए बिजली पानी सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को मुहैया नही करवाया गया जिसके चलते कई विस्थापित परिवार अपनी भूमि बेच कर कही दूसरे स्थानों पर रहने चले गए

लेकिन कुछ परिवार ऐसे है जिन्होंने अपना घर यही बनाया और कई विस्थापित परिवारों की भूमि आज भी मौजूद है लेकिन THDC की अनदेखी और लापरवाही का खामियाजा विस्थापित आज भी भुगत रहे हैं
अब ग्रामीण सरकार से हस्तक्षेप कर जमीन को सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखने और बच्चों का खेल मैदान बचाने की मांग कर रहे हैं।





