
देहरादून के डोईवाला के थानों क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजली गुप्ता के रूप में हुई है। अंजली का धन्याड़ी में रेस्टोरेंट है। मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे वह घर से दूध लेकर पैदल रेस्टोरेंट जा रही थीं। जंगल से सटे इलाके में अचानक हाथी ने उन पर हमला कर दिया और सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। गंभीर रूप से घायल अंजली को सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से हाथियों की आवाजाही बनी हुई है और सोलर फेंसिंग की मांग के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। डीएफओ ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने की बात कही है।




