उत्कृष्ट कार्य के लिए सतर्कता अधिष्ठान के चार पुलिसकर्मी सम्मानित

देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई करने वाले सतर्कता अधिष्ठान के तीन निरीक्षकों और एक हेड कांस्टेबल को निदेशक, सतर्कता अधिष्ठान की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों में निरीक्षक मनोज मैनवाल, निरीक्षक कीर्ति कुमार श्रीवास्तव, निरीक्षक नूतन असवाल और हेड कांस्टेबल विवेक डबराल शामिल हैं। इन अधिकारियों ने सफल ट्रैप कार्यवाहियों, पीसी एक्ट से जुड़े मामलों की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों के मुताबिक इन पुलिसकर्मियों ने टोल फ्री नंबर 1064 पर प्राप्त भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करने के साथ-साथ गोपनीय सूचनाओं के संकलन में भी विशेष रुचि और कर्तव्यनिष्ठा दिखाई। इनके कार्यों से न केवल सतर्कता अधिष्ठान की कार्रवाई को मजबूती मिली, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर आम लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है। पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान ने सभी सम्मानित होने वाले अधिकारियों और कर्मचारी को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
सतर्कता अधिष्ठान का मानना है कि बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने से पूरे विभाग में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ती है। इन चारों पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा, ताकि वे भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई, मामलों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना और अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें। विभागीय स्तर पर ऐसे प्रयास भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के मनोबल को भी मजबूत करते हैं।



