
देहरादून। पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों में शामिल छात्र-छात्राओं पर कार्रवाई के लिए दून पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में स्थित PG और हॉस्टलों में देर रात आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने 20 अगस्त की देर रात कई PG और हॉस्टलों की जांच की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने हॉस्टल और PG संचालकों से वहां रहने वाले छात्र-छात्राओं की जानकारी ली और सभी का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिष्ठानों में CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने, रात 10 बजे के बाद छात्र-छात्राओं के प्रवेश की समयसीमा तय करने और बाहरी लोगों को सत्यापन के बाद ही प्रवेश देने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने आने-जाने वाले लोगों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की भी हिदायत दी।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी कि यदि कोई छात्र या छात्रा आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है या हॉस्टल में नशीले पदार्थों के सेवन की शिकायत मिलती है, तो संबंधित छात्र के साथ-साथ हॉस्टल संचालक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रात के समय छात्र-छात्राओं के अनावश्यक रूप से घूमते पाए जाने पर भी संबंधित प्रतिष्ठान संचालक की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
अभियान के दौरान चार हॉस्टलों में अनियमितताएं मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए और तय समयसीमा में कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। वहीं, देर रात अनावश्यक रूप से घूम रहे चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया।
दून पुलिस ने PG और हॉस्टल संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया है कि पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग, नशे या किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




