
देहरादून में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के नयागांव के पास देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे चेकिंग पॉइंट से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस वाहन पर फायरिंग कर दी, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायलों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर क्षेत्र में नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास है और वे कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।




