उत्तराखंडदेहरादून

करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी में फरार दो आरोपी गिरफ्तार, असली मालिक की जगह खड़ा किया था फर्जी आदमी

देहरादून में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में राजपुर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियुक्तों ने असली भूमि स्वामी की जगह फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर जमीन की रजिस्ट्री कराई और इस पूरे मामले में कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आईटी पार्क के पिछले गेट के पास धोरण रोड से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 को सहस्त्रधारा रोड निवासी करन शर्मा ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि संजय त्यागी और उसके साथियों ने जमीन बेचने के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की। आरोपियों ने असली भूमि स्वामी के स्थान पर एक फर्जी व्यक्ति को रजिस्ट्री के दौरान खड़ा किया और जमीन की रजिस्ट्री उनकी पत्नी के नाम करा दी। इसके बदले आरोपियों ने उनसे करोड़ों रुपये की रकम भी ले ली।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से आरोपियों की तलाश की। इसके बाद संजय त्यागी और परविंदर कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी भी बढ़ाई है।

पुलिस के मुताबिक धोखाधड़ी में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button