उत्तराखंडदेहरादून

तंत्र मंत्र और अनिष्ट का डर दिखाकर महिला से ठगी करने वाला शातिर ठग बाबा अरेस्ट,15 तोला सोना 5 लाख बरामद

देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और अनिष्ट होने का भय दिखाकर महिला से लाखों के आभूषण ठगने वाले एक कथित बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सेलाकुई पुलिस ने आरोपी राहुल थापा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15 तोला सोना और 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सेलाकुई निवासी एक महिला ने 31 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि राहुल थापा नामक व्यक्ति ने तंत्र-मंत्र और अनिष्ट का डर दिखाकर पूजा-पाठ के बहाने उनसे करीब 65 तोला सोना ठग लिया। मामले की जांच के बाद 9 जून को मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल थापा निवासी तेलपुरा अटक फार्म, सेलाकुई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने महिला से धोखाधड़ी कर आभूषण हड़पने की बात कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पिघलाकर तैयार किया गया 150 ग्राम का सोने का बिस्कुटनुमा बार और आभूषण बेचकर जुटाए गए 5 लाख रुपये बरामद किए।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2013 से पंडिताई का काम करता था और लोगों को तंत्र-मंत्र व भविष्यवाणी के जरिए प्रभावित करता था। अधिक पैसे कमाने के लालच में वह लोगों के घरों के बाहर रात में जादू-टोने से जुड़ी सामग्री की पोटली फेंक देता और बाद में उन्हें अनिष्ट का भय दिखाकर पूजा-अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता के घर के बाहर भी इसी तरह की पोटली फेंकी थी और बाद में पूजा के दौरान महिला और उसकी मां के आभूषण संदूक में रखवाकर मौका पाकर उन्हें गायब कर दिया। आरोपी ने महिला को संदूक 62 दिन बाद खोलने की बात कहकर भरोसे में लिया था।
फिलहाल पुलिस मामले में आभूषणों की बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या उसके साथ कोई अन्य सहयोगी भी शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button