
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं बढ़ाने के लिए जिला सहकारी बैंकों की 34 नई शाखाएं खोलने को मंजूरी दी है। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि विभाग को 41 प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से 34 स्वीकृत किए गए हैं। 7 प्रस्तावों में कमियां होने के कारण उन्हें फिलहाल मंजूरी नहीं मिली।
नई शाखाएं देहरादून, अल्मोड़ा, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी, ऊधमसिंह नगर, उत्तरकाशी और चमोली समेत कई जिलों में खोली जाएंगी। फिलहाल प्रदेश में जिला सहकारी बैंकों की 315 शाखाएं संचालित हैं।
मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि सभी स्वीकृत प्रस्ताव भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को भेज दिए गए हैं। आरबीआई की अनुमति मिलते ही नई शाखाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और छोटे कारोबारियों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा।




