उत्तराखंडदेहरादून

बसंत विहार चोरी कांड का खुलासा, नेपाली गैंग का सदस्य गिरफ्तार

देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में रहने वाले लोगों को नशीला पदार्थ खिलाकर ज्वैलरी और नगदी चोरी करने के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल नेपाली मूल के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय दिनेश सुनार निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। उसके कब्जे से चोरी की नगदी, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई टैक्सी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर की रात बल्लीवाला चौक निवासी स्थानीय भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर चोरी हुई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके घर में काम करने वाले भरत थापा ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। मामले में थाना बसंत विहार में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कीं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को पता चला कि वारदात में भरत थापा के अलावा चार अन्य लोग शामिल थे और उन्होंने हरियाणा नंबर की गाड़ी का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

इसी क्रम में 6 अक्टूबर की रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दिनेश सुनार को वाहन संख्या HR55 BB1055 अर्टिगा के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बसंत विहार में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से चोरी की 27,500 रुपये की नगदी भी बरामद हुई।

टैक्सी की आड़ में अपराध का नेटवर्क

पूछताछ में दिनेश ने बताया कि वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और दिल्ली में टैक्सी चलाता है। पुलिस के अनुसार, टैक्सी चलाने की आड़ में वह नेपाली मूल के अपने साथियों के साथ मिलकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य घरों में काम करने के बहाने पहले रेकी करते थे और मौका मिलने पर अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

दिनेश अपनी टैक्सी से साथियों को वारदात वाले स्थान तक पहुंचाने और घटना के बाद उन्हें वापस ले जाने का काम करता था। इसके बदले उसे चोरी के माल में हिस्सा भी मिलता था। बसंत विहार की घटना के बाद साथियों ने उसे 50 हजार रुपये नकद दिए थे, जबकि चोरी का माल बिकने के बाद बाकी हिस्सा देने की बात कही गई थी।

तीन आरोपियों की नेपाल भागने की संभावना

पुलिस पूछताछ में भरत थापा के अलावा आदित्य, अभिषेक और एलेक्स के नाम सामने आए हैं। पुलिस की टीमें इन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली समेत अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।हालांकि पुलिस को भी इन सभी आरोपियों के नेपाल भागने की आशंका है

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह की अन्य वारदातों और चोरी किए गए माल के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button