उत्तराखंडदेहरादून

महिला अधिवक्ता को बदनाम करने की धमकी देने के आरोप में केशव थलवाल पर दून में मुकदमा

देहरादून में एक विशेष रूप से सक्षम महिला अधिवक्ता की शिकायत पर केशव थलवाल के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान बढ़ाकर खुद को पीड़ित और आर्थिक रूप से कमजोर बताकर विश्वास जीता तथा भावनात्मक दबाव बनाकर आर्थिक मदद ली। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने निजी फोटो-वीडियो वायरल कर सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी। साथ ही अपने परिचितों के जरिए पीड़िता को आरोपी की कथित गर्लफ्रेंड बताकर शादी के लिए दबाव बनाने और मानसिक उत्पीड़न करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, आरोपी के एक परिचित ने फोन कर खुद को उसका दोस्त बताते हुए आत्महत्या के प्रयास की बात कही और इसके लिए पीड़िता को जिम्मेदार ठहराते हुए विवाह का दबाव बनाया। बात न मानने पर दोबारा ऐसा कदम उठाने और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता का कहना है कि लगातार धमकियों, मानसिक दबाव और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों से वह लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रही थी, जिसके बाद उसने पुलिस की शरण ली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने महिला अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0-183/2026 में धारा 318(2)/351(3)/78 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button