कैम्पा कोला डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर 23 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी का खुलासा 2 अरेस्ट
Cyber fraud of over 23 lakh rupees exposed in the name of Campa Cola distributorship; 2 arrested.

कैम्पा कोला डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर 23.55 लाख की साइबर ठगी का खुलासा
उत्तराखण्ड STF ने दिल्ली से दो शातिर साइबर ठग किए गिरफ्तार
रुद्रपुर/देहरादून।
उत्तराखण्ड एसटीएफ के साइबर थाना कुमाऊँ परिक्षेत्र, रुद्रपुर पुलिस टीम ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के ब्रांड ‘कैम्पा कोला’ की डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम पर 23.55 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अपराधियों को दिल्ली के रोहिणी (विजय विहार थाना क्षेत्र) से गिरफ्तार किया है।
ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम
माह नवंबर 2025 में उधम सिंह नगर (रुद्रपुर) निवासी एक व्यक्ति ने गूगल पर Campa Cola Distributorship सर्च की। इसी दौरान साइबर ठगों ने खुद को रिलायंस कंपनी का फर्जी अधिकारी बताकर संपर्क किया और रजिस्ट्रेशन, सिक्योरिटी व स्टॉक फीस के नाम पर पीड़ित से कुल 23,55,451 रुपये तीन अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में यह रकम अन्य खातों में भेजकर एटीएम व यूपीआई के माध्यम से निकाल ली गई।
जांच और गिरफ्तारी
पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, कुमाऊँ परिक्षेत्र, रुद्रपुर में एफआईआर दर्ज की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, व्हाट्सऐप और मेटा (Meta) से डेटा प्राप्त कर तकनीकी व मैनुअल विश्लेषण किया गया।
बैंकों से मिले सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा एटीएम से नकदी निकासी स्पष्ट पाई गई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने दिल्ली से दोनों आरोपियों को दबोच लिया।




