
देहरादून। अपनी फरियाद लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची एक महिला सीढ़ियां चढ़ने में असमर्थ थी। महिला के व्हील चेयर पर होने की जानकारी जैसे ही देहरादून के एसएसपी प्रेमेन्द्र डोभाल को मिली, वह खुद ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे और महिला की समस्या सुनी।

एसएसपी ने महिला की पूरी शिकायत सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सीओ को प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
एसएसपी के निर्देश पर सीओ डालनवाला भी तत्काल मौके पर पहुंचे और महिला की शिकायत को विस्तार से सुना। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

एसएसपी द्वारा फरियादी की शारीरिक स्थिति को देखते हुए स्वयं ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचकर उसकी समस्या सुनने की पहल की स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। आम जनता ने पुलिस अधिकारियों की इस कार्यशैली को संवेदनशील और जनहित में बताया है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




