उत्तराखंडदेहरादून

बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर हुआ विवाद, हेल्पर ने गुस्से में महिला की हत्या,पुलिस ने 12 घंटे में किया खुलासा

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय महिला की हत्या के मामले का दून पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी विनीत कुमार (33) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मृतका के पति की बुक शॉप पर हेल्पर के तौर पर काम करता था और परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी का मृतका के पति से मजदूरी के बकाया पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। 3 सितंबर को वह बकाया रकम मांगने के लिए उनके घर पहुंचा था। घर में उस समय 72 वर्षीय रेखा बंसल अकेली थीं। पैसों को लेकर विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर हाथ में पहने कड़े से उनके चेहरे पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद महिला के चिल्लाने पर आरोपी घबरा गया और पकड़े जाने के डर से उनका मुंह दबा दिया। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान दम घुटने से महिला की मौत हो गई।

घटना की सूचना मृतका के पति दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को अचेत अवस्था में पाया। 108 एंबुलेंस की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की। इसके बाद उसे त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी मृतका के हाथ से सोने का कड़ा निकालकर फरार हो गया था और पुलिस से बचने के लिए कपड़े भी बदल लिए थे।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका से लूटा गया कड़ा, घटना में प्रयुक्त आरोपी का कड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और वर्तमान में देहरादून के अजबपुरकलां क्षेत्र में रह रहा था। वह सिक्योरिटी गार्ड के साथ बंसल की बुक शॉप पर भी काम करता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल की ओर से 5 हजार रुपये और एसएसपी देहरादून की ओर से 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button