
एंकर… उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस ने दो दिन तक लगातार प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कई नशा तस्करों की धरपकड़ करते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वर्ष 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत चलाए गए ऑपरेशन ट्रैक-7 में पुलिस ने 76 तस्करों को गिरफ्तार किया और एनडीपीएस एक्ट के तहत 69 मुकदमे दर्ज किए। बरामद मादक पदार्थों और अवैध शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये बताई गई है।
24 और 25 नवंबर को चले इस अभियान में प्रदेशभर की 181 पुलिस टीमों को लगाया गया था। इन टीमों ने 273 संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी और चेकिंग करते हुए 968 संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया। देहरादून के सपेरा बस्ती और बिंदाल पुल से लेकर ऋषिकेश, नैनीताल, कोटद्वार, टिहरी और ऊधमसिंह नगर के कई इलाकों में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान 450 ग्राम हेरोइन, 4.9 किलो चरस, 45 किलो गांजा, 1510 नशीली गोलियां और कैप्सूल के साथ अंग्रेजी शराब की 40 पेटियां बरामद कीं। इसके अलावा दो आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, 61 नई हिस्ट्रीशीट खोली गईं और पांच गैर-जमानती वारंट निष्पादित किए गए। करीब 1.3 एकड़ जमीन पर उगाई जा रही अवैध मादक फसल को भी नष्ट किया गया।
आईजी एसटीएफ ने बताया कि इस अभियान में दूसरे राज्यों की एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाकर कार्रवाई की गई है, ताकि नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क तक पहुंचा जा सके। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही युवाओं को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे और कॉलेजों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी, ताकि शैक्षणिक संस्थानों में नशे की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 1340 मुकदमे दर्ज कर 1601 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 62 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।




