उत्तराखंडहरिद्वार

मंगलौर में सीएम धामी की कई घोषणाएं,लिब्बरहेड़ी में बनेगा कन्या कॉलेज,गंगनहर पुल निर्माण और गन्ना मूल्य बढ़ाने का दिलाया भरोस

देहरादून/मंगलौर।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार जिले के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज बनाने और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण कराने की भी बात कही। इसके अलावा मंगलौर से गुरुकुल बाईपास जाने वाले रास्ते पर सराय राजवाहे की पटरी बनाने, टिकौला कलां में सिलाखाला पर तटबंध बनाने और ब्रह्मपुर जट में सड़क निर्माण कराने की घोषणा की।

रैली में किसानों ने ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने और गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग उठाई। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग का परीक्षण कराया जाएगा। वहीं, गन्ना मूल्य बढ़ाने को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही इस संबंध में फैसला लेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर क्षेत्र के विकास और सभी वर्गों के कल्याण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है, जबकि लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक लोगों को घर दिए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं। वहीं, 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल योजनाओं को मंजूरी दी गई है।

किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनकी आय बढ़ाने और खेती की लागत कम करने के लिए काम कर रही है। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण दिया जा रहा है। कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नहरों से सिंचाई की सुविधा भी निशुल्क की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और युवाओं को रोजगार देने के लिए कई फैसले लिए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों की आय बढ़ाना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button