उत्तराखंडदेहरादून

दून में धूमधाम से मनाया जाएगा आजादी का महापर्व,सभी तैयारी पूरी

देहरादून। राजधानी देहरादून में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को परेड ग्राउंड में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 10 बजे ध्वजारोहण करेंगे। समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने परेड ग्राउंड पहुंचकर समारोह स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को मुख्य अतिथियों और गणमान्य लोगों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, यातायात, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और स्वागत-सत्कार समेत सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मुख्य मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, साउंड सिस्टम और समारोह के लाइव प्रसारण के लिए लगाई जाने वाली एलईडी स्क्रीन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। डीएम ने सभी नोडल अधिकारियों को माइक्रो प्लानिंग के तहत आपसी समन्वय से काम करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

परेड और सम्मान समारोह रहेगा आकर्षण

स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस और विभागीय अधिकारियों को सम्मानित करेंगे।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर वर्ष 1947 के विभाजन पीड़ितों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। दून लाइब्रेरी में सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश देने वाली विशेष प्रदर्शनी आयोजित होगी, जबकि नगर निगम परिसर में शाम को विशेष कवि सम्मेलन भी होगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दोनों आयोजनों की सभी तैयारियां समय से पूरी करने और कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button