
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस के अवसर पर आज 26 जून 2026 को गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के निदेशक पारस गोयल के नेतृत्व में रेंजर ग्राउंड में 3.7 किलोमीटर मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में 800 से अधिक छात्र-छात्राओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड सरकार द्वारा चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” अभियान को जन-जन तक पहुंचाना और युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वास्थ्य, फिटनेस और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करना था।

मैराथन को उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री खजान दास और राज्य मंत्री विनोद सुयाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ के समापन पर कैंट विधायक सविता कपूर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा ही देश की असली ताकत हैं और यदि युवा स्वस्थ और जागरूक रहेंगे तो उत्तराखंड और देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
मुख्यमंत्री प्रतिनिधि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। वहीं राज्य मंत्री धीरेन्द्र पंवार, अमित कपूर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है और युवा शक्ति इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है।




