
देहरादून। राज्य निगम कर्मचारी महासंघ, उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी के नेतृत्व में सचिवालय में वित्त सचिव रणवीर सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें वित्त सचिव का पदभार संभालने पर बधाई दी और पुष्पगुच्छ भेंट कर सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान महासंघ के पदाधिकारियों ने राज्य के विभिन्न निगमों में कार्यरत कर्मचारियों से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर संक्षिप्त चर्चा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों के वित्तीय और प्रशासनिक मामलों का समय पर समाधान किया जाएगा।
वित्त सचिव रणवीर सिंह चौहान ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नियमों और वित्तीय प्रावधानों के अनुसार सभी जरूरी मामलों पर सकारात्मक तरीके से विचार किया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर राज्य के विकास में योगदान देने की अपील की।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री नन्दलाल जोशी, अजयकान्त, इं. जयपाल सिंह चौहान, बुद्धि सिंह रावत, सुनील पुण्डीर, दलीप रावत, विमल भण्डारी, ललित शर्मा सहित महासंघ के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।




