25 लाख की साइबर ठगी में STF की बड़ी कार्रवाई,पश्चिम बंगाल से आरोपी अरेस्ट

उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस ने करीब 24.95 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के एक मुख्य सदस्य जियाउर गाजी (40) को उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के मुताबिक देहरादून निवासी एक कारोबारी का मोबाइल हैक कर ई-मेल और मोबाइल नंबर बदल दिए गए थे, जिसके बाद उनकी कंपनी के बैंक खाते से करीब 25 लाख रुपये निकाल लिए गए। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह साइबर अपराधियों को बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराता था। जांच में उसके खातों के जरिए ठगी की रकम के लेनदेन और नकदी निकासी के साक्ष्य भी मिले हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 डेबिट कार्ड, 3 मोबाइल फोन और 3 सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।




