
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पिस्टल का दिखावा करना एक युवक को भारी पड़ गया। ओम सिटी स्थित एक किराये के मकान में दोस्तों के बीच हथियार दिखाने के दौरान अचानक चली गोली से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पटेलनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उस पिस्टल को भी बरामद कर लिया है जिससे गोली चली थी ।
पुलिस के मुताबिक 19 जून की सुबह करीब 2:30 बजे हंसराज सैनी अपने दो साथियों गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी और शुभम अग्रवाल के साथ फ्लैट में मौजूद था। इसी दौरान हंसराज अपने पास लाई नई पिस्टल अपने दोस्तों को दिखा रहा था। बताया गया कि पिस्टल को चेक करने के दौरान गोपाल शर्मा के हाथ से अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे हंसराज की नाक के पास जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
गोली लगने के बाद आरोपी युवक ने खुद को बचाने के लिए घायल युवक को डराया और पुलिस से बचने के लिए पूरी कहानी बदलने की साजिश रची। आरोपी ने हंसराज को यह कहकर धमकाया कि अवैध पिस्टल रखने के मामले में वह भी फंस सकता है। इसके बाद छत पर खून की बूंदें गिराकर यह झूठी कहानी तैयार की गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने छत पर घूमते समय गोली चला दी थी। कमरे में फैला खून भी साफ कर दिया गया।
बाद में आरोपी और उसका साथी घायल हंसराज को इलाज के लिए इन्द्रेश अस्पताल ले गए। रास्ते में आरोपी ने पिस्टल को ओम सिटी के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 32 बोर की पिस्टल बरामद कर ली।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हंसराज ने यह पिस्टल करीब 65 हजार रुपये में खरीदी थी और अपने दोस्तों को दिखाने के लिए बुलाया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि लापरवाही और हथियार के गलत इस्तेमाल ने एक बड़ी घटना को जन्म दिया। आरोपी का पूर्व में भी मारपीट और बलवे का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।




