उत्तराखंडदेहरादून

UTU पेपर लीक मामलें में शिवालिक कॉलेज के सहायक प्रोफेसर आशीष गुप्ता अरेस्ट,व्हाट्सएप पर लीक किए थे परीक्षा के प्रश्न

देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) की सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों के साथ प्रश्न साझा किए थे, जिनका वास्तविक प्रश्नपत्र से काफी मेल पाया गया।
कोतवाली प्रेमनगर में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई 2026 को आयोजित परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें 3 जुलाई को सहायक प्रोफेसर द्वारा छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप में महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए जाने की जानकारी दी गई थी। परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र से मिलान करने पर इन प्रश्नों में काफी समानता पाई गई।


विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने भी अपनी जांच में पाया कि आरोपी ने परीक्षा से पहले छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से परीक्षा से जुड़े समान प्रश्न साझा किए थे। आरोप है कि आरोपी ने छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता (40), निवासी शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है।


पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उनके खिलाफ साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में कोतवाली प्रेमनगर में बीएनएस की धारा 316, 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button