देहरादून में अवैध तरीके से रह रही बांग्लादेशी महिला हिरासत में,बांग्लादेश के पासपोर्ट और आईडी बरामद

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान पटेलनगर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने पंजाबी कॉलोनी, आईएसबीटी के पास किराये पर रह रही 38 वर्षीय महिला को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक महिला ने पूछताछ में अपना नाम हमीदा अख्तर पुत्री मोहम्मद हसन, निवासी ढाका, बांग्लादेश बताया। महिला के मोबाइल फोन से उसके नाम की एक बांग्लादेशी आईडी और पासपोर्ट की तस्वीरें मिली हैं। पुलिस के अनुसार महिला वर्ष 2017 में असम बॉर्डर के रास्ते भारत आई थी और वर्ष 2018 में दिल्ली निवासी अकरम से निकाह किया था। करीब डेढ़ वर्ष पहले वह अपने पति के साथ देहरादून आई थी, जहां दोनों चांचक पुल के पास बुटीक संचालित कर रहे थे।

पुलिस अब महिला के भारत में प्रवेश, यहां रहने और इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही भारत में अवैध रूप से रहने में उसकी मदद करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक जांच में संलिप्तता सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और महिला के खिलाफ नियमानुसार डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। देहरादून पुलिस के अनुसार इससे पहले जिले में अवैध रूप से रह रहे 21 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें 11 के खिलाफ फर्जी दस्तावेजों के मामलों में मुकदमे दर्ज कर जेल भेजा गया, जबकि 10 को डिपोर्ट किया जा चुका है। पुलिस का सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।



