
एंकर… उत्तराखंड में किसानों को आर्थिक मदद देने के लिए सहकारिता विभाग दिसंबर महीने से प्रदेशभर में ऋण मेले लगाने जा रहा है। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में 1 दिसंबर से इन मेलों का आयोजन किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि इन मेलों के माध्यम से दो लाख किसानों को करीब 600 करोड़ रुपये का ऋण दिया जाए। इसके लिए अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

देहरादून में नाबार्ड मुख्यालय में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों को मिलने वाले ब्याजमुक्त ऋण और विभाग की दूसरी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऋण मेले में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और किसानों को आसानी से ऋण उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में सहकारी बैंकों के करीब 400 करोड़ रुपये के एनपीए यानी फंसे हुए कर्ज की वसूली का लक्ष्य भी तय किया गया। मंत्री ने अधिकारियों को इसके लिए प्रभावी योजना बनाने के निर्देश दिए।
वहीं, पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी गई। अधिकारियों को 7 दिसंबर तक रिपोर्ट देने को कहा गया है। इस दिन मंत्री खुद योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
ऋण वितरण की समीक्षा में चमोली जिला 63 प्रतिशत उपलब्धि के साथ सबसे आगे रहा। वहीं ऊधमसिंह नगर में 52 प्रतिशत, अल्मोड़ा में 50 प्रतिशत और हरिद्वार में 49 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया।
बैठक में दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत शून्य ब्याज पर मिलने वाले ऋण की भी समीक्षा की गई। सरकार का कहना है कि किसानों को सहकारी बैंकों से आसानी से ऋण उपलब्ध कराने और सहकारिता योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।




