उत्तराखंडहरिद्वार

15 अगस्त से बाजार में आएगा ‘हिमाला जल’, हरिद्वार में बन रहा आधुनिक वाटर प्लांट

हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) अब पेयजल के कारोबार में भी कदम रखने जा रहा है। इसके लिए हरिद्वार के जमालापुर में आधुनिक मिनरल वाटर प्लांट बनाया जा रहा है। प्लांट का निर्माण तेजी से चल रहा है और इसे 15 अगस्त तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
संघ के वरिष्ठ प्रबंधक त्रिभुवन सिंह रावत ने निर्माणाधीन प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने मशीनों की स्थापना, निर्माण कार्य और अन्य तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सभी काम समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने अपनी रिपोर्ट प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ल को सौंप दी।
प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ल ने बताया कि ‘हिमाला जल’ नाम से बाजार में आने वाला यह ब्रांड उत्तराखंड की शुद्धता और गुणवत्ता की पहचान बनेगा। इसे प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों में भी उपलब्ध कराने की योजना है।


उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में संघ नए व्यावसायिक क्षेत्रों में काम कर रहा है। संघ का लक्ष्य अपना वार्षिक कारोबार 500 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1000 करोड़ रुपये तक पहुंचाना है। इसके लिए पेयजल, कृषि उत्पाद और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में विस्तार किया जा रहा है।
आनंद शुक्ल ने कहा कि हरिद्वार का यह प्लांट स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। उत्पादन, पैकेजिंग, गुणवत्ता जांच, परिवहन और विपणन जैसे कई क्षेत्रों में युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। उनका कहना है कि ‘हिमाला जल’ सिर्फ एक पानी का ब्रांड नहीं, बल्कि सहकारिता के जरिए उत्तराखंड को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button